2 से 12 अक्टूबर तक शताब्दी वर्ष पर पंथ संचलन का होगा आयोजन

कोलायत। शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में कोलायत खंड के 13 मंडलों में पंथ संचलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 2 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके माध्यम से समाज में संगठन, सेवा और संस्कारों का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। खंड कार्यवाह सुमेर सिंह ने बताया कि यह पंथ संचलन शताब्दी वर्ष को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सभी मंडलों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

 

 

पंथ संचलन की शुरुआत 2 अक्टूबर को कोलायत मंडल से होगी। यहां प्रभात फेरी और ध्वज वंदन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद क्रमवार रूप से संचलन झझ्झू, हदां, सियाणा, दासौड़ी, भाणेका गांव, नोखड़ा, दियातरा, गुड़ा, जयमलसर, गजनेर, भोलासर और अंत में खारी मंडल में पहुंचेगा। प्रत्येक मंडल में संचलन मुख्य मार्गों से गुजरते हुए स्थानीय नागरिकों से संवाद करेगा और संगठन की गतिविधियों व संस्कारों को साझा करेगा।

 

 

संचलन के दौरान आकर्षक सांस्कृतिक झांकियाँ, देशभक्ति गीत और पारंपरिक वेशभूषा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। स्वयंसेवक एकजुट होकर सेवा, संगठन और सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश देंगे। स्थानीय युवाओं और बच्चों को इस अवसर पर विशेष रूप से जोड़ा जाएगा, ताकि नई पीढ़ी समाज की मूल धारा और परंपराओं से परिचित हो सके।

 

 

खंड कार्यवाह सुमेर सिंह ने बताया कि इस पंथ संचलन में सैकड़ों स्वयंसेवक और कार्यकर्ता भाग लेंगे। यह संचलन समाज की सांस्कृतिक धरोहर को संजोते हुए लोगों को संगठन और सेवा की राह पर चलने के लिए प्रेरित करेगा। संचलन का समापन 12 अक्टूबर को खारी मंडल में आयोजित विशेष समारोह के साथ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, नागरिक और स्थानीय गणमान्यजन शामिल होंगे। उन्होंने सभी मंडलों के नागरिकों और युवाओं से आह्वान किया कि वे इस ऐतिहासिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शताब्दी वर्ष के इस आयोजन को सफल बनाएं और समाज की एकता और संगठन को मजबूती प्रदान करें।