श्री कोलायत। कोलायत क्षेत्र के लिए राहत भरी खबर है। पेयजल समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए तीन ट्यूबवैल और 10 हैण्डपम्प स्वीकृत किए गए हैं। यह स्वीकृति कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी की मांग पर राजस्थान सरकार की बजट घोषणा 2025-26 के अंतर्गत दी गई है।
विधायक भाटी ने जानकारी दी कि दासौड़ी, सियाणा भाटियान और बारूपालों की ढाणी (मियाकौर) में ट्यूबवैल का निर्माण होगा, जबकि कोलायत क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों पर 10 हैण्डपम्प लगाए जाएंगे। इन योजनाओं से ग्रामीणों को लंबे समय से चल रही पेयजल समस्या से राहत मिलेगी।
भाटी ने कहा कि आगामी कुछ ही दिनों में मेघासर और हाडलां भाटियान में भी नए ट्यूबवैल निर्माण की स्वीकृति जारी होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा जारी यह स्वीकृति क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।