नशीली दवायें बेचने के आरोप में डॉक्टर सहित दो आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। राजस्थान में खुफिया अपराधा शाखा पुलिस मुख्यालय के विशेष दल ने कोटपुतली में एक डॉक्टर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करके उनसे भारी मात्रा में नशे के कैप्सूल और सिरप बरामद किये हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एमएन ने मंगलवार को बताया कि खुफिया पुलिस को सूचना मिली कि कोटपुतली में डॉक्टर अविनाश शर्मा का एक क्लीनिक है जो युवाओं को सस्ता नशा उपलब्ध करवाकर नशे के दलदल में धकेल रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने कई दिनों तक रैकी करके सूचना की पुष्टि की। जिसके बाद स्थानीय थाना पुलिस और जिला विशेष दल ( डीएसटी) को सूचना दी गई।

उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस दल को सोमवार को कोटपुतली में ट्रांस्पोर्ट नगर को, लुहारों के डेरे के पास एक परचून की दुकान पर मनोज कुमार जाट द्वारा नशीले कैप्सूल बेचे जाने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने दबिश देकर दुकान और दुकान के पीछे गोदाम से कुल 48 हजार 576 नशीले कैप्सूल बरामद किये। पूछताछ में मनोज ने बताया कि यह सारा माल डा0 डॉ. अविनाश शर्मा का है, जिनका राजमार्ग पर क्लिनिक है। वह डॉ. अविनाश के कहने पर ही इन दवाओं को बेचता था।

इस सूचना पर पुलिस ने तुरंत डॉ. अविनाश शर्मा के क्लिनिक पर छापा मारा। तलाशी के दौरान उनके क्लिनिक से भी नशीली सिरप और विभिन्न प्रकार के नशीले कैप्सूल जब्त किए गए। क्लीनिक से कुल 1240 नशीली कैप्सूल और 100 एमएल सिरप की 14 शीशियां बरामद की गई।

इस पूरी कार्रवाई में कुल 49,816 नशीले कैप्सूल और 14 बोतल नशीली सिरप बरामद की गई है। जब्त की गई खेप का कुल वजन 29 किलो 389 ग्राम है। मनोज कुमार जाट (35) और डॉ. अविनाश शर्मा (39) मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।