एटीएम बदलकर राशि निकालने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

जैसलमेर। राजस्थान में जैसलमेर जिले के पोकरण थाना क्षेत्र में पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों को ठगने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करके इसके तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अरोपियों के पास से विभिन्न बैंकों के 216 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूरे भारत में ठगी की सैंकड़ों वारदातें करना स्वीकार किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने मंगलवार को बताया कि पिछले वर्ष 17 अगस्त 2024 को मगसिंह नामक व्यक्ति ने एटीएम बदलकर एक लाख हरुपये निकालने का मामला दर्ज कराया था। मग सिंह ने बताया कि वह पोकरण रेलवे स्टेशन के पास स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने गया तो वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उनके पिन नंबर देख लिए। जब मगसिंह पैसे नहीं निकाल पाए तो उन लोगों ने मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड ले लिया और चालाकी से उसे बदलकर दूसरा कार्ड पकड़ा दिया। इसके बाद मगसिंह के खाते से लगभग एक लाख रुपये निकाल लिए गए।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिये पुलिस दल गठित किया गया। दल ने काफी परिश्रम और आरोपियों का हजारों किलोमीटर तक पीछा करने के बाद तीन आरोपियों अजय सैनी (28) मोंटी (32) और परवेश (43) को सहारनपुर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। तीनों सहारनपुर के ही हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दो-दो के समूह में मोटरसाइकिलों पर निकलते थे और कई राज्यों में घूमते थे। वे अक्सर भीड़-भाड़ वाले एटीएम में जाते थे और पहले से मशीन को खराब कर देते थे। जब कोई ग्राहक पैसे नहीं निकाल पाता था तो वे मदद का बहाना बनाकर उसका एटीएम कार्ड ले लेते थे और बदलकर एक नया कार्ड दे देते थे। इसके बाद वे ग्राहक के असली एटीएम कार्ड का इस्तेमाल करके पैसे निकाल लेते थे। इस गिराेह ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों में वारदातें की हैं।