बीकानेर, श्री कोलायत। ग्राम हदां में आबादी भूमि और ओरण भूमि पर फर्जी पट्टे जारी करने का मामला सामने आने के बाद ग्रामवासियों में आक्रोश फैल गया है। इस संबंध में आज पूरे गांव के लोगों, उपसरपंच और सभी वार्ड पंचों की आपातकालीन बैठक आयोजित की गई, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि जिला प्रशासन से तत्काल प्रभाव से अवैध पट्टों को निरस्त करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत हदां के सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी ने बिना ग्राम सभा की अनुमति और बिना पंचों की सहमति के दर्जनों पट्टे जारी कर दिए हैं। आरोप यह भी है कि वार्ड पंचों के नकली हस्ताक्षर करवाकर इन फर्जी पट्टों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई और कुछ लोगों से पैसों का लेन-देन कर ओरण भूमि को भी आबादी भूमि बताकर पट्टे तैयार किए गए।
गांव के लोगों ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में कई खाली भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखी गई थीं। इन जगहों पर वर्षों से गणगौर मेला, होली दहन, पंचायत की आमसभा, अस्पताल, स्कूल, पुलिस थाना और अन्य सार्वजनिक गतिविधियों के लिए स्थान सुरक्षित रखा गया था। इसके बावजूद निजी स्वार्थ के लिए इन भूमि पर पट्टे जारी किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से गुहार लगाई है कि इन अवैध पट्टों को तत्काल निरस्त किया जाए और सरपंच तथा ग्राम विकास अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो गांववासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
धरने के दौरान पूर्व सरपंच नारायण सिंह भाटी, उम्मेद सिंह भाटी, पृथ्वी सिंह भाटी, भुर सिंह भाटी, उप सरपंच तक सिंह भाटी, भंवर सिंह भाटी, हनुत सिंह भाटी, तेजा राम मेघवाल, वार्ड पंच सुरजा राम मेघवाल, वार्डपंच शंकर लाल सुथार आदि सहित अन्यजन मौजूद रहे।