बीकानेर, श्रीकोलायत। बाबा रामदेवरा के पैदल यात्रियों को इस बार बरसात और बदहाल सड़कों की वजह से भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। चानी रेलवे अंडरब्रिज में बरसात का पानी भर जाने से हजारों श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से तत्काल राहत की गुहार लगाई। चानी ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश पंवार गोलरी और भाजपा नेता नेमू सिंह ने विधायक अंशुमान सिंह भाटी को समस्या से अवगत कराया। विधायक के हस्तक्षेप पर उपखंड अधिकारी राजेश नायक ने रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर अंडरब्रिज से पानी निकलवाने की व्यवस्था कराई। इस पर स्थानीय महिला सरपंच किशनी देवी ने विधायक का आभार जताया।

दूसरी ओर उपखंड मुख्यालय की बैंक रोड पर भैरूजी मंदिर के पास सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। यात्रियों व वाहन चालकों को इसमें खासा आक्रोश है। रविवार को रामदेवरा जा रही एक टैक्सी का पत्ता टूटने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्थानीय टेंट व्यवसायी गणेश शर्मा ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से सड़क की यही स्थिति है, लेकिन एक बार भी डामरीकरण नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान जयवीरसिंह भाटी को ज्ञापन देकर सड़क को दुरुस्त करवाने की मांग की है। श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि जल्द ही सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो आने-जाने वालों को और बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
पूर्व प्रधान जयवीर सिंह भाटी से इस बाबत पूछने पर बताया की ग्राम पंचायत कोलायत विकास अधिकारी से वार्ता हो गई है रामदेवरा मेले के तुरंत बाद सीवरेज लाइन का जैसे ही कार्य खत्म होगा सार्वजनिक निर्माण विभाग सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।