श्रीकोलायत, बीकानेर। कोलायत कस्बे के झझु सर्किल क्षेत्र में चारों ओर बेतरतीब फैली मिट्टी ने आमजन के जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। खास बात यह है कि इस सर्किल से महज कुछ ही दूरी पर उप जिला अस्पताल स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों मरीज इलाज के लिए आते हैं। लेकिन सड़कों पर फैली धूल-मिट्टी और उड़ते धूल के गुब्बारों के कारण मरीजों, राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धूल के कारण अस्पताल आने वाले मरीजों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है। वहीं दुकानदारों की रोज़ी-रोटी पर भी असर पड़ रहा है क्योंकि ग्राहक धूलभरे माहौल से बचने के लिए इस इलाके में आना टाल रहे हैं। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और वाहन चालकों को भी धूल के कारण दुर्घटना और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने कई बार ग्राम पंचायत व पंचायत समिति प्रशासन से क्षेत्र में नियमित सफाई, पानी का छिड़काव और पक्की सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। लगातार उपेक्षा के चलते आमजन में आक्रोश व्याप्त है।
जनप्रतिनिधियों व प्रशासन से मांग:
झझु सर्किल क्षेत्र में त्वरित सफाई अभियान चलाया जाए।
मिट्टी हटाने के लिए मशीनरी लगाई जाए और सड़क की मरम्मत हो।
धूल नियंत्रण के लिए नियमित जल छिड़काव सुनिश्चित किया जाए।
अस्पताल के पास के मार्गों को प्राथमिकता पर दुरुस्त किया जाए।
स्थानीय समाजसेवियों, व्यापार मंडल और नागरिकों ने चेताया है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय प्रशाशन और पंचायत समिति के आधिकारियों से माग करते हैं कि मिट्टी को पूरी तरह से साफ करवाकर नियमित झाड़ू और पानी के छिड़काव की व्यवस्था की जावे जिससे आमजन को राहत मिल सके।
कन्हैया लाल उपाध्याय
पूर्व उपाध्यक्ष
महाराज गंगा सिंह विश्वविद्यालय