बीकानेर। बीकानेर जिले के कोलायत क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब झझू गांव की रोही में ग्रामीणों को पाकिस्तान लिखा हवाई जहाजनुमा गुब्बारा मिला। इसे देखकर ग्रामीणों में भय और आशंका का माहौल बन गया।ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कोलायत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अधिकारी जसवीर सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस गुब्बारे के स्रोत, उद्देश्य और इसके यहां तक पहुंचने के कारणों की गहन पड़ताल कर रही है।

बताया जा रहा है कि कोलायत क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा हुआ इलाका है, ऐसे में इस तरह की वस्तु का मिलना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माना जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि झझू गांव में इस तरह की यह पहली घटना है, जिससे लोग सहमे हुए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और सुरक्षा एजेंसियों को भी सूचना दी गई है। यह गुब्बारा कोलायत क्षेत्र के झझु गांव के रोही में मालचंद सेठिया के खेत में मिला है। मौके पर वार्ड पंच बिहारीलाल, प्रताप काटिया, मनोहर लाल, अमानाराम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।