15 परीक्षा केन्द्रों पर 5821 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
बीकानेर। पीएम श्री स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय गजनेर की ओर से जनविचप-2026 (जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2028) के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन के लिए बुधवार को अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम हल्दीराम बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सूरसागर में प्रातः 11:30 बजे शुरू हुआ।कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) शिवशंकर चौधरी, लोकेश आत्रेय, विद्यालय प्राचार्य इलियास खान, जनविचप प्रभारी सुरेन्द्र कुमार, विभिन्न केन्द्राधीक्षक एवं केंद्र स्तरीय पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
अभिविन्यास के दौरान परीक्षा प्रभारी सुरेन्द्र कुमार ने परीक्षा से संबंधित समस्त प्रक्रियाओं—बैठक व्यवस्था, प्रश्नपत्र एवं सामग्री वितरण, समयबद्ध संचालन, पैकिंग सिस्टम, सुरक्षा प्रोटोकॉल—की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी प्रभारी अधिकारियों को परीक्षा शुचिता बनाए रखने तथा निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। विद्यालय प्राचार्य इलियास खान ने बताया कि कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आयोजित इस परीक्षा में इस वर्ष 5821 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, जो बीकानेर जिले के 15 परीक्षा केन्द्रों पर 13 दिसंबर (शनिवार) को परीक्षा देंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा नवोदय विद्यालय समिति तथा जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कार्यालय के संयुक्त समन्वय से संचालित होगी। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा की निष्पक्षता, सुरक्षा, गोपनीयता तथा अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निर्देश दिए। जिला प्रशासन की ओर से पुलिस बंदोबस्त, उड़न दस्ते और केंद्र स्तरीय पर्यवेक्षकों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिसे सुरेन्द्र कुमार ने प्रस्तुत किया।