वंदे मातरम पर संसद में चर्चा कराकर सरकार ने राष्ट्रप्रेम के प्रति जनता को किया प्रेरित : नंदकिशोर

पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार देश की समस्त जनता में राष्ट्रप्रेम का ज्योत जला रही है। श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि सरकार ने संसद के दोनों सदनों में वंदे मातरम पर चर्चा कराकर देश के लोगों में राष्ट्रप्रेम का संचार कर दिया है। उन्होंने कहा कि संसद में वंदे मातरम पर चर्चा से देश की जनता में स्वतंत्रता संग्राम की यादें ताजा हो गयीं।

 

श्री यादव ने कहा कि वंदे मातरम एक राष्ट्रगीत होने के साथ-साथ आजादी की लड़ाई में एक जयघोष भी था। इसने देश की आजादी के लड़ाई को ऊर्जा और प्रेरणा दी थी। उन्होंने कहा कि इस गीत ने भारतीयों को त्याग और तपस्या का मार्ग दिखाया था। इसलिए जब इस राष्ट्र गीत के 150 साल पूरे हो गये तब सरकार और हर भारतवासी का यह परम कर्तव्य होता है कि वंदे मातरम का पुण्य स्मरण किया जाये। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने संसद में वंदे मातरम पर चर्चा कराकर अपना परम कर्तव्य का निर्वहन किया है। इस चर्चा से युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम में वंदे मातरम के अमूल्य योगदान की जानकारी मिलेगी और वे राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित होंगे।