अनंत राष्ट्रीय विश्वविद्यालय में 299 छात्रों को मिली डिग्री

अहमदाबाद। गुजरात में अहमदाबाद की अनंत राष्ट्रीय विश्वविद्यालय में शनिवार को आयोजित सातवें दीक्षांत समारोह में 299 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित तथा ज़ोहो कॉर्पोरेशन के मुख्य वैज्ञानिक एवं सह-संस्थापक डॉ. श्रीधर वेम्बू ने कहा कि अनंत के छात्रों की रचनात्मकता और उद्देश्यपूर्ण डिजाइन ने मुझे प्रभावित किया है। यहां मैंने उल्लेखनीय कार्य देखा, उस प्रकार का नवाचार जिसकी हमारे देश को तत्काल आवश्यकता है। हम अक्सर अपने अतीत की उपलब्धियों का जश्न मनाते हैं, लेकिन वर्तमान में जो कुछ हम बना रहे हैं, उसका सम्मान करने के लिए हम शायद ही कभी रुकते हैं।

 


डॉ. श्रीधर वेम्बू ने कहा कि हमें अपने जीवनकाल से आगे सोचना चाहिए और भविष्य के लिए निर्माण करना चाहिए और यही बात अनंत अपने छात्रों को सिखा रहा है। अच्छी डिज़ाइन आत्मा और भावना को ऊँचा उठाता है और मैंने पूरे कैंपस में उस भावना को जीवंत देखा है। सपने देखते रहो, जवान रहो, प्रासंगिक रहो। जब आप अपने अहंकार को त्याग देते हैं और कोई बयान देने की कोशिश करना बंद कर देते हैं, यही वह समय होता है जब आप अक्सर अपना सबसे प्रभावशाली बयान देते हैं। समस्या पर ध्यान केंद्रित करें, और असाधारण काम अपने आप हो जाएगा।”