कोलायत। धर्मनगरी श्री कोलायत जी पूर्ण तीर्थ में आज मार्गशीर्ष मास शुक्ल पक्ष द्वादशी, भौम प्रदोष के पावन अवसर पर कपिल मुनिश्वर जी महाराज को छप्पन भोग (मिंगसरियों री थाळी) का दिव्य प्रसाद अर्पित किया जाएगा। परंपरा के अनुसार हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दर्शनार्थियों और भक्तजन द्वारा यह भव्य आयोजन बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न किया जा रहा है। सुबह की मंगल आरती के तुरंत बाद कपिल मुनि महाराज सहित मंदिर में विराजमान समस्त देव प्रतिमाओं को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।

इसके उपरांत ठीक सुबह 8:00 बजे महाआरती का आयोजन होगा। महाआरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को पंचामृत और छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमियों, भक्तजनों और कोलायत क्षेत्रवासियों से विनम्र निवेदन किया है कि वे समय पर पधारकर कपिल मुनि महाराज के दर्शन का लाभ लें और इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं। भक्त अपने परिवार, मित्रों और इष्टजनों के साथ अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस पावन दिवस की अलौकिक अनुभूति प्राप्त करें।