बढ़त के साथ खुले शेयर बाजार

मुंबई। विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को शुरुआती कारोबार में तेजी रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 135.54 अंक चढ़कर 85,745.05 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 179.72 अंक (0.21 प्रतिशत) ऊपर 85,789.23 अंक पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक भी 55.95 अंक की मजबूती के साथ 26,261.25 अंक पर खुलने के बाद खबर लिखे जाते समय 44.90 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की बढ़त में 26,250.20 अंक पर था। दिग्गज कंपनियों के विपरीत मझौली और छोटी कंपनियों में फिलहाल बिकवाली हावी है।

 


ऑटो, धातु, फार्मा और वित्तीय सेक्टरों की कंपनियों में तेजी रही। रियलिटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस क्षेत्रों की कंपनियों और सार्वजनिक बैंकों में बिकवाली हुई। सेंसेक्स की कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर हरे निशान में थे जबकि इटरनल, एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में गिरावट थी।