भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के आसींद थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। पुलिस सू्त्रों ने बताया कि बड़े मंदिर चौराहे पर स्थित व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में आज तड़के करीब तीन बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि छह से अधिक दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही दमकल मौके पर पहुंच गयी और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में देखा गया कि तड़के करीब तीन बजे एक व्यक्ति काम्प्लेक्स के पास पहुंचा और उसने दुकानों के शटरों पर ज्वलन शील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग की लपटें तेजी से फैली। पूरी वारदात स्पष्ट रूप से सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसींद थाना अधिकारी हंसपाल सिंह और पालिका अध्यक्ष देवीलाल साहू तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के बाजारों और गलियों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
आग से किराना, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य कई दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आग जानबूझकर लगाई गई है। पुलिस संदिग्ध व्यक्ति की पहचान और उसकी तलाश में जुटी है।