श्री कोलायत। राजकीय महाविद्यालय कोलायत में आज नई किरण : नशा मुक्ति अभियान के तहत नशा मुक्ति शपथ ग्रहण समारोह एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में प्रेरित करना था। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुकेश ने अपने संबोधन में छात्रों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि युवाओं में नशा न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि सामाजिक और नैतिक पतन की ओर भी ले जाता है। सहायक आचार्य श्री इंद्रपाल ने छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शराब, तंबाकू और अन्य नशे का सेवन शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन पर गंभीर असर डालता है। उन्होंने छात्रों को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया और कहा कि युवा ही समाज का भविष्य हैं, इसलिए उनकी सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
इसके पश्चात महाविद्यालय परिसर से पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय तक नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली में छात्र-छात्राओं ने ओजपूर्ण नारों के माध्यम से आमजन को नशा मुक्त जीवन जीने और स्वस्थ समाज बनाने का संदेश दिया। छात्रों के नारे “नशा छोड़ो, जीवन सजाओ”, “स्वस्थ युवा, स्वस्थ समाज” और “नशा मुक्त जीवन, खुशहाल जीवन” जनमानस के बीच गूंजते रहे। रैली में उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजकों ने सभी छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त रहने और अपने परिवार तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन छात्रों द्वारा सामूहिक रूप से नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ लेने और जागरूकता फैलाने के संकल्प के साथ किया गया।