ठेकेदार ने काम में की लीपापोती, उच्च अधिकारियों को करवाया अवगत, पढ़ें न्यूज़

बीकानेर। भूरासर माइनर, करणीसर माइनर, देवी माइनर, एडीएम माइनर एवं बाली माइनर में सिल्ट (मिट्टी) निकासी के लिए आईजीएनपी विभाग द्वारा कुछ समय पूर्व टेंडर जारी किए गए थे। लेकिन क्षेत्र के किसानों का आरोप है कि ठेकेदारों ने टेंडर लेने के बाद सिर्फ कागजी खानापूर्ति की है, जबकि जमीन पर सिल्ट साफ़ करने का कार्य नगण्य है।

इधर, इन माइनरों में कल से पानी की बारी शुरू होने जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई का वास्तविक कार्य नहीं हुआ तो पानी की आपूर्ति बाधित होगी और इसका सीधा नुकसान खेतों तक पानी पहुंचाने में होगा। किसानों ने आईजीएनपी अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना मिट्टी निकाले भुगतान निकालने की कोशिश की जा रही है, जिससे उनका हक मारा जाएगा।

किसानों की शिकायत पर कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष श्याम सिंह भाटी बरसलपुर ने मामले को गंभीर बताते हुए आईजीएनपी के वरिष्ठ अधिकारियों से तुरंत जांच और कार्रवाई की मांग की है। भाटी ने चेतावनी दी कि यदि विभाग जल्द स्थिति सुधारने के लिए कदम नहीं उठाता, तो किसानों के साथ मिलकर उच्च स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

किसानों का कहना है कि यह मामला सिर्फ लापरवाही का नहीं, बल्कि उनकी आजीविका और पानी के हक से जुड़े बड़े सवाल का है। अब देखना यह होगा कि आईजीएनपी विभाग इन गंभीर आरोपों पर क्या कदम उठाता है।