राजधानी में कार विस्फोट, आठ से अधिक लोग मारे गये, कई गंभीर रूप से घायल, देखें वीडियो

नई दिल्ली। राजधानी में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम को एक कार में हुए धमाके में आठ लोगों की मौत हो गयी तथा कई लोग गंभीर रुप से घायल हाे गये। यह जानकारी समीप के सरकारी अस्पताल एलएनजेपी हॉस्पीटल के एक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी ने दी।

विस्फोट के बाद कई गाडियों मे आग लग गयी थी। जिस गाड़ी में विस्फोट हुआ था उसके परखच्चे उड़ गये। एलएनजेपी हॉस्पीटल के चिकित्सकों एक अनुसार आठ घायलों ने अस्पताल आने से पहले ही दम तोड़ दिया था। छह लोग गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती किये गये है। एक व्यक्ति की हालत स्थिर है।

घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस के अधिकारी और अन्य जांच एजेंसियों की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर राहत व बचाव तथा जांच कार्य में लग गयीं। घटना के बाद पूरे दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया गया है। एजेंसियां विस्फोट की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही हैं।

 

दिल्ली में लाल किले के सामने सोमवार शाम हुए विस्फोट के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि घटना की हर एंगल से जांच की जायेगी।

शाह ने विस्फोट पर सरकार की तरफ से दिए पहले बयान में कहा, “हम सभी संभावनाओं को तलाश रहे हैं और सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर इसकी गहन जांच की जायेगी। सभी विकल्पों की तुरंत जांच करके जांच के नतीजे जनता के सामने रखेंगे।”

उन्होंने कहा कि विस्फोट एक आई20 कार में हुआ। प्राथमिक सूचना के अनुसार, कुछ लोग हताहत भी हुए हैं। उन्होंने कहा कि 10 मिनट के अंदर स्पेशल सेल की एक टीम मौके पर पहुंच गयी। एनएसजी और एनआईए की टीम एफएसएल के साथ जांच शुरू कर चुकी है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच के आदेश दे दिये गये हैं।

उल्लेखनीय है कि शाम सात बजे के आसपास सुभाष मार्ग पर लाल किले के सामने चौराहे पर एक कार में विस्फोट के पास आसपास के कई वाहनों में आग लग गयी। घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गयी है और कई लोग घायल हैं।

शाह ने घटना के बाद दिल्ली के पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा और स्पेशल सेल के प्रभारी से बात की। इसके बाद वह दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में घायलों से मुलाकात करने पहुंचे।