ध्वजारोहण के साथ कपिल मुनि मेले का भव्य आगाज, देखें वीडियो

श्रो कोलायत। कपिल सरोवर परिसर में शनिवार को धार्मिक उल्लास और उत्साह के बीच कपिल मुनि मेले का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। परंपरागत विधि-विधान से हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

विधायक अंशुमान सिंह भाटी, जय वीर सिंह भाटी, मंगेज सिंह भाटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में मेले की शुरुआत का शंखनाद हुआ। ध्वजा रोहण के पश्चात कपिल मुनि मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिसमें भक्तों ने भाग लेकर कपिल मुनि से क्षेत्र के कल्याण और समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि कपिल मुनि मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी लोक परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मेले की भव्यता बढ़ाने के लिए शासन और प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।

जय वीर सिंह भाटी और मंगेज सिंह भाटी ने भी श्रद्धालुओं को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला संत परंपरा, आस्था और सामाजिक समरसता का संगम है, जो हर वर्ष लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है।

ध्वजारोहण समारोह के बाद भक्तों ने “कपिल मुनि की जय” के उद्घोष के साथ मेले का शुभारंभ किया। परिसर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों, साधु-संतों के प्रवचनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भी शुरुआत हुई। ग्रामीणों और व्यापारियों ने मेले को सजाने-संवारने में पूरी श्रद्धा से योगदान दिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।