श्रीकोलायत। प्रसिद्ध कपिल मुनि मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मेले को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। रविवार को भी उपखण्ड अधिकारी राजेश नायक ने अधिकारियों की बैठक ली और स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सार्वजनिक निर्माण विभाग, ग्राम पंचायत श्रीकोलायत, और स्वच्छता टीमों के अधिकारी लगातार कपिल सरोवर परिसर में कार्य कर रहे हैं। रविवार को कपिल मुनि परिसर स्थित टिन शेड के नीचे नई जाली लगाई गई, वहीं शौचालयों की सफाई और जल कनेक्शन की व्यवस्था भी पूरी की गई।
ग्राम पंचायत श्रीकोलायत के सरपंच प्रतिनिधि बजरंग पंवार ने बताया कि मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सरोवर परिक्रमा मार्ग पर किकर हटाने, मार्ग समतलीकरण और सफाई के कार्य तेज गति से जारी हैं।
भाजपा नेता मंगेज सिंह भाटी ने जानकारी दी कि पंच मंदिर, बारह महादेव मंदिर परिसर और आसपास के घाटों पर भी साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

विधायक अंशुमान सिंह भाटी लगातार तीसरे दिन स्वयं कपिल सरोवर पहुंचे और व्यवस्थाओं की मोनिटरिंग की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
इधर पूर्व प्रधान जयवीर सिंह भाटी भी दिनभर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के संपर्क में रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मेले को लेकर जिला प्रशासन भी सक्रिय मोड में है। सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। अस्थायी दुकानों का आवंटन शुरू हो गया है और मेले के प्रति श्रद्धालुओं में उत्साह देखते ही बन रहा है।
कपिल सरोवर के घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी यातायात नियंत्रण और पेयजल प्रबंधन जैसे कार्यों को लेकर प्रशासन दिन-रात जुटा हुआ है।
कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाला यह ऐतिहासिक मेला इस बार और अधिक सुव्यवस्थित रूप में आयोजित होने की उम्मीद है।