तीन दिवसीय “नानी बाई रो मायरा” कथा का भव्य आयोजन 29 से, देखें वीडियो

गजनेर। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर जय किशन सादानी के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में श्री गजनेर गोपाल सेवा सदन गौशाला, गजनेर गांव में तीन दिवसीय “नानी बाई रो मायरा” कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन श्री गजनेर गोपाल सेवा सदन गौशाला के तत्वावधान में भक्तिभाव और उत्साह के साथ सम्पन्न होगा।

इस पावन कथा का शुभारंभ 29 अक्टूबर 2025 को होगा तथा समापन 31 अक्टूबर 2025 को किया जाएगा। प्रतिदिन कथा वाचन दोपहर 12:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कथा का रसपान कराने हेतु प्रसिद्ध कथावाचक पं. गिरिराज जोशी (ललन जी) पधार रहे हैं, जो अपनी मधुर वाणी में “नानी बाई रो मायरा” की दिव्य कथा का वर्णन करेंगे।

 

 

गोपाष्टमी जैसे पवित्र पर्व पर आयोजित इस कथा का उद्देश्य गौसेवा, भक्ति और लोककल्याण की भावना को जन-जन तक पहुँचाना है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल पंडाल, प्रसाद वितरण, शीतल जल एवं विश्राम की उत्तम व्यवस्था की गई है, ताकि भक्तजन पूरे मनोयोग से कथा श्रवण कर सकें।

जय किशन सादानी ने बताया कि यह आयोजन समाज में भक्ति, सेवा और संस्कारों की भावना को सशक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि “नानी बाई रो मायरा” कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह जीवन में त्याग, प्रेम और श्रद्धा के आदर्शों को जागृत करने वाली प्रेरक गाथा है।

इस अवसर पर कथा आयोजन के पोस्टर का भी भव्य विमोचन किया गया। विमोचन कार्यक्रम में जय किशन जी सादानी, भगवान जी गेधर, रामकिशन जी भुतड़ा, सुरजाराम जी गेधर, मुरलीधर पंचारिया, भैरू सिंह जी राजपुरोहित, रामलाल जी गेधर, आशु महाराज, गणेश गेधर एवं ओमप्रकाश बोबरवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गांव व आसपास के श्रद्धालु उत्साहपूर्वक इस आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। हर वर्ग के लोग इसमें भाग लेकर इस पवित्र गोपाष्टमी पर्व को भक्ति और सेवा के उत्सव में परिवर्तित करने में जुटे हैं। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त करें।