झझू व अक्कासर में विजयदशमी उत्सव और पथ संचलन संपन्न, स्वयंसेवकों ने अनुशासन, संगठन और देशभक्ति का दिया संदेश

श्री कोलायत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में शनिवार को झझू और अक्कासर गांवों में विजयदशमी पर्व पर पथ संचलन निकाला गया। दोनों स्थानों पर स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासन, एकता और संगठन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

झझू में शाम को झझू–हदां रोड स्थित बाबा रामदेव मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से होते हुए तेजाजी महाराज मंदिर परिसर तक लगभग तीन किलोमीटर का पथ संचलन निकाला गया। इस दौरान ड्रम, ढोल और घोष के स्वरों के बीच स्वयंसेवक कदमताल करते हुए आगे बढ़े। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर पथ संचलन का स्वागत किया।

तेजाजी महाराज मंदिर परिसर पहुंचने पर विजयदशमी उत्सव एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मां भारती की पूजा और संघ प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

मुख्य अतिथि भागेका मठ के महंत दुर्गानंद महाराज ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस देशभक्ति के संकल्प के साथ संघ की स्थापना हुई थी, वह आज भी कायम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक हिन्दू को अपने घर में शस्त्र रखना चाहिए क्योंकि शस्त्र देवी-देवताओं के प्रतीक हैं।

मुख्य वक्ता एवं बौद्धिक कर्ता विभाग प्रचारक विनायक कुमार ने कहा कि स्वयंसेवक संघ के उद्देश्यों के अनुरूप समाजसेवा और राष्ट्रनिर्माण के कार्यों में जुटे रहें। सह जिला कार्यवाह राज कुमार ने कहा कि प्रत्येक हिन्दू को शास्त्र विद्या के साथ-साथ शस्त्र विद्या का भी ज्ञान होना आवश्यक है।

इसी क्रम में अक्कासर मंडल भोलासर गांव में भी स्वयंसेवकों ने विजयदशमी पर्व मनाते हुए पथ संचलन निकाला और शस्त्र पूजन किया। इस दौरान भी ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में खंड कार्यवाह सुमेर सिंह भाटी, सह खंड कार्यवाह हर्षवर्धन रामावत, गुलाब सिंह, बचन सिंह, छत्तर सिंह, नरपत सिंह, विक्रम सिंह (एल.आई.सी.), गोर्धन जोशी, अशोक जोशी, पवन जोशी, लक्षित जोशी, जीतू जोशी, ओमप्रकाश जोशी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस जाब्ता मुस्तैद रहा और संपूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में श्रीकोलायत खंड के गुड़ा मंडल में विजयदशमी उत्सव और पथ संचलन हुआ। जिसमें संत सानिध्य  पुरूषोतम जी महाराज , सामेरी तालाब,गुड़ा और मुख्य वक्ता लिखमा राम,सह कार्यवाह, बीकानेर विभाग रहे। खंड कार्यवाह सुमेर सिंह ने बताया कि 2 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक कुल 13 मंडल में पथ संचलन हुए। जिनका आज समापन हुआ।