कोलायत। ग्राम पंचायत भोलासर में 09 अक्टूबर 2025 को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर जनकल्याण का सशक्त उदाहरण बना। इस शिविर में राजस्व से लेकर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तक कई मामलों का त्वरित निस्तारण किया गया। राजस्व ग्राम भोलासर चौहानान, पटवार हल्का भोलासर, तहसील कोलायत के खातेदार जगदीश सिंह पुत्र गुमान सिंह की पुश्तैनी भूमि खसरा संख्या 49 में नाम गलत दर्ज था, जिससे वे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे थे। प्रार्थी ने यह समस्या शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी कोलायत के समक्ष रखी। तत्काल कार्यवाही करते हुए शिविर प्रभारी ने संबंधित हल्का पटवारी व भू-अभिलेख निरीक्षक को निर्देश दिए, जिन्होंने मौके पर ही राजस्व रिकॉर्ड में नाम संशोधन कर दिया। सही नाम दर्ज होते ही किसान जगदीश सिंह के चेहरे पर खुशी झलक उठी। उन्होंने राज्य सरकार व प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि “ऐसे शिविर वास्तव में आमजन के लिए वरदान हैं।”
इसी शिविर के दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत मृतक मूलाराम पुत्र रामूराम मेघवाल निवासी भोलासर के परिवार को ₹2 लाख का चेक सुपुर्द किया गया। चेक का वितरण राजस्थान ग्रामीण बैंक शाखा भोलासर के ब्रांच मैनेजर मनोज कुमार, तहसीलदार पूनम कंवर, विकास अधिकारी वीरपाल सिंह व बैंक अधिकारी हंसराज पंवार द्वारा किया गया। यह राशि मृतक के परिवार के लिए आर्थिक संबल सिद्ध हुई। लाभार्थी रामूराम मेघवाल ने कहा कि इस सहायता से उन्हें विषम परिस्थितियों में नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने राज्य सरकार, उपखंड प्रशासन व बैंक अधिकारियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। ग्रामीण सेवा शिविर ने एक बार फिर यह साबित किया कि प्रशासन जनता के द्वार तक पहुँचकर उनके जीवन में वास्तविक परिवर्तन ला सकता है।