देशवाली में संगठन सर्जन अभियान की बैठक सम्पन्न, पढ़ें न्यूज़

श्रीकोलायत। आज देशवाली कुमार धर्मशाला में संगठन सर्जन अभियान की बैठक का आयोजन पोलायत व बज्जू ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं संगठन सर्जन अभियान बीकानेर जिले के प्रभारी राजेश लिलोठिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का मूल बल उसका संगठन और कार्यकर्ता हैं। यदि कार्यकर्ता मजबूत होंगे तो कांग्रेस फिर से जनता के विश्वास पर खरी उतरेगी। उन्होंने कहा कि संगठन सर्जन अभियान के तहत प्रत्येक गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन का ढांचा मजबूत किया जा रहा है ताकि जनता की समस्याओं का समाधान सीधे पार्टी मंच से हो सके।

इस अवसर पर पूर्व ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी, सह प्रभारी मनीष मक्कासर, जिला अध्यक्ष विशनाराम सियाग, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मदन गोपाल मेघवाल, बज्जू ब्लॉक अध्यक्ष गणपत सिगड, कोलायत ब्लॉक अध्यक्ष मदन मेघवाल, राजस्थान भूदान बोर्ड के चेयरमैन लक्ष्मण कड़वासरा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव शिवलाल, तथा जिला अध्यक्ष एनएसयूआई श्रीकृष्ण सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित रहे। लिलोठिया ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आमजन त्रस्त है। किसानों, युवाओं और कर्मचारियों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनजागरण अभियान के रूप में जनता के बीच जाएगी। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और हर पंचायत में संगठनात्मक बैठकें करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में संगठन सशक्तिकरण के लिए प्रस्ताव पारित किया गया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी के प्रति समर्पण का संकल्प दोहराया।