कोलायत में बीसीएमओ ने उप स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण, देखें वीडियो

श्रीकोलायत। मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना के नोडल अधिकारी के निर्देशानुसार सोमवार को ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (बीसीएमओ) डॉ. सुनील जैन ने कोलायत क्षेत्र के चानी, चांडासर, नाइयों की बस्ती और सालासर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. जैन ने प्रतिबंधित दवाओं की उपलब्धता, योजनाओं के अनुपालन, रजिस्टरों के रख-रखाव तथा ओपीडी व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान चानी उप स्वास्थ्य केंद्र पर कार्य में लापरवाही पाई गई, जिस पर संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को नोटिस जारी किया गया।

वहीं, चांडासर, नाइयों की बस्ती और सालासर केंद्रों का कार्य संतोषजनक पाया गया। डॉ. जैन ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर दवा वितरण और रोगी पंजीकरण प्रक्रिया पारदर्शिता से हो तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मलेरिया, डेंगू और अन्य मौसमी संचारी रोगों की रोकथाम संबंधी गतिविधियों की भी समीक्षा की। डॉ. जैन ने बताया कि वर्तमान मौसम में इन बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में सभी स्वास्थ्य कर्मी सतर्क रहकर समय पर सर्वे, छिड़काव और जनजागरूकता अभियान चलाएं। इस मौके पर एसटीएलएस राजेश कुमार रंगा, एसटीएस लक्ष्मीकांत छंगाणी, एएनएम करिश्मा, प्रियंका और पिंकी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।