ग्रामीण सेवा शिविर में रखी गई मांगें, चैन सिंह राजपुरोहित ने दिलाई आवाज

श्रीकोलायत। ग्राम पंचायत क्षेत्र में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में गांव के लोगों ने अपनी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से रखा। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी (SDM) राजेश कुमार नायक, तहसीलदार पूनम कंवर, विकास अधिकारी वीरपाल सिंह नायक, सरपंच गज्जे सिंह सांखला सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में जिला अध्यक्ष चैन सिंह राजपुरोहित ने ग्रामीणों की ओर से बिजली, पानी और भूमि आवंटन से जुड़ी प्रमुख मांगें रखीं।

 

राजपुरोहित ने कहा कि डी गांव में लगे 60 एचपी के ट्रांसफार्मर को बढ़ाकर 100 एचपी का किया जाए ताकि बढ़ते हुए बिजली भार से राहत मिल सके। उन्होंने नायकों की ढाणियों और गोप सिंह राठौड़ की ढाणियों सहित वंचित ढाणियों में तुरंत बिजली कनेक्शन जारी करने और जल जीवन मिशन के तहत पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही नायकों और राठौड़ों की ढाणियों में भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटन की मांग भी की।

 

ग्रामीणों ने इस मौके पर कहा कि वर्षों से वे इन बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं और अब प्रशासन को तुरंत प्रभाव से कार्यवाही करनी चाहिए। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इन पर उचित कार्रवाई की जाएगी। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी मांगों का समाधान जल्द मिलेगा।