बीकानेर में आयुर्वेद कार्यशाला का सफल आयोजन, देखें वीडियो

बीकानेर। रानीबाजार स्थित एक होटल में आयुर्वेद पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जिले की विभिन्न तहसीलों से आए आयुर्वेद से जुड़े चिकित्सकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता देश के ख्यातनाम आयुर्वेद ट्रेनर डॉ. संदीप कुमार रहे। उन्होंने अपने व्याख्यान में आयुर्वेद की बारीकियों को विस्तार से समझाते हुए कहा कि आने वाले समय में आयुर्वेद अपनाना हमारी मजबूरी होगी। अंग्रेजी दवाइयां शरीर को धीरे-धीरे खोखला कर रही हैं और किसी भी रोग का स्थायी इलाज नहीं करतीं। इसके विपरीत, आयुर्वेद न केवल रोग को जड़ से मिटाता है बल्कि शरीर को संतुलित और स्वस्थ रखने में भी मदद करता है।

इस अवसर पर संदीप मित्तल ने जड़ी-बूटियों पर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जड़ी-बूटियों से बने उत्पाद आज की जीवनशैली में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि लिवर, हार्ट और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों में आयुर्वेदिक उत्पाद जीवन को सहारा देते हैं। आमजन महंगे इलाज कराते हैं लेकिन अंत में सफलता नहीं मिलती। आयुर्वेद अपनाने से रोगी को न केवल स्वास्थ्य लाभ मिलता है बल्कि पुनः रोग होने की संभावना भी नगण्य रहती है।

मित्तल ने दावा किया कि अगर किसी की क्रिएटिनिन बढ़ी हुई है तो आयुर्वेदिक उपचार से उसे सामान्य किया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आग्रह किया कि यदि ऐसा कोई रोगी है तो वह उनसे संपर्क कर सकता है, वे पूरी मदद करेंगे। साथ ही यह भी कहा कि समय पर बीमारी का पता लगने पर आयुर्वेद से जल्दी और स्थायी लाभ मिलता है।

कार्यशाला में जिले के विभिन्न चिकित्सकों ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर डॉ. किशन भाटी ने आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने और इसे जीवनशैली में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस कार्यशाला ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों में आयुर्वेद के प्रति नई जागरूकता और उत्साह का संचार किया।