राजकीय अवकाश के बावजूद संचालित किये गये निजी विद्यालयों को नोटिस जारी

जयपुर। राजस्थान में बाबा रामदेव जयंती (तेजा दशमी) के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा मंगलवार को घोषित राजकीय अवकाश के बावजूद कुछ गैर-सरकारी विद्यालयों द्वारा अवकाश घोषित नहीं करके विद्यार्थियों को अध्ययन के लिये बुलाये जाने की शिकायतों का जिला कलेक्टर डाॅ जितेंद्र कुमार सोनी ने संज्ञान लेते उक्त विद्यालयों को नोटिस जारी किये।

डॉ सोनी के निर्देश पर अधिकारियों ने जांच के बाद बताया कि टिओलर हाई स्कूल सिरसी रोड जयपुर, टिओलर अनबाउण्डेड सिरसी रोड जयपुर, जय श्री पेरिवाल स्कूल वैशाली नगर जयपुर, जय श्री पेरिवाल स्कूल महापुरा जयपुर और सवाई मानसिंह विद्यालय रामबाग सर्किल जयपुर में अवकाश नहीं रखा जाने की पुष्टि हुई। इस पर इन विद्यालयों के सचिवों को तत्काल नोटिस जारी करके विद्यालय बंद करने, स्पष्टीकरण सहित पालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए पाबंद किया गया।

डाॅ सोनी ने संबंधित विद्यालयों को भविष्य में राजकीय अवकाश के दिनों में विद्यालय पूर्णतः बंद रखे जाने की चेतावनी देते हुए विभागीय आदेशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।