बीकानेर। श्री कोलायत उपखण्ड मुख्यालय के बिल्कुल नजदीक कोटडी ग्राम पंचायत में स्थित एक घर में देर रात चोरों ने धावा बोलकर घरेलू सामान और नकदी पार कर ली। हैरानी की बात यह रही कि चोरी का यह स्थल पुलिस थाने के बिल्कुल पास है। बीते दस दिनों में ही गांव में चार घरों को चोर निशाना बना चुके हैं और अब तक का अनुमानित नुकसान दस लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
इस दौरान सुखखा राम नायक, ओमप्रकाश वकील साब, पुरखा राम नायक और सूखा राम आचार्य के घरों में चोरी की वारदात हो चुकी है, जिससे पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। रविवार को गुस्साए ग्रामीण बड़ी संख्या में थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और पुलिस की निष्क्रियता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि थाने के पास ही चोरी होना पुलिस की लापरवाही को उजागर करता है।
धरना स्थल पर पहुंचे सीओ संग्राम सिंह ने ग्रामीणों से बातचीत कर भरोसा दिलाया कि जल्द ही चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि इन दिनों मेले के चलते पुलिस स्टाफ व्यस्त रहा, जिसके कारण चोरियां बढ़ी हैं। इस बयान से ग्रामीण और अधिक भड़क उठे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते रहे। पहली बार ड्रोन से रेकी इसी बीच ग्रामीणों ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया कि बीते कुछ दिनों से गांव के ऊपर रोजाना ड्रोन उड़ता दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि चोर अब आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर ड्रोन से गांव की रेकी कर रहे हैं। यह ड्रोन बिना आवाज के चलता है और इससे बंद घरों की लोकेशन आसानी से पता लगाई जा सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की रात भी गांव के ऊपर ड्रोन उड़ता दिखाई दिया था। इस तरह ड्रोन से रेकी कर चोरी करने का यह पहला मामला सामने आया है।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल बीकानेर 100 नंबर पर दी गई थी, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक चोर वाहन लेकर भाग चुके थे। इससे साफ है कि पुलिस की गश्त व्यवस्था पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है और चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
धरने में उदा राम आचार्य, परमा राम चौहान, रामचन्द्र महाराज, वसुदेव महाराज, नारायण सिंह राजपूत, सोहनलाल सरपंच प्रतिनिधि कोटड़ी, पुखराज राजपुरोहित, भूरा राम ओढ़, एडवोकेट मनोज शर्मा, भाटी सिंह राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं की तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। इस बाबत पूर्व प्रधान जय वीर सिंह भाटी ने विधायक अंशुमान सिंह भाटी बीकानेर एस पी से बात कर क्षेत्र में हो रही चोरी पर संज्ञान लेने को कहा है।