हनुमान नगर आयुष स्वास्थ्य केंद्र में गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम, राष्ट्रीय स्तर की टीम ने किया वर्चुअल असेसमेंट

बीकानेर, श्री कोलायत। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हनुमान नगर स्थित राष्ट्रीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर में शनिवार को राष्ट्रीय स्तर का वर्चुअल असेसमेंट आयोजित हुआ। इस दौरान राष्ट्रीय टीम से डॉ. मानषविनी मालवीय एवं डॉ. राम प्रसाद नालम सेटरी ने केंद्र की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर से ऋतेष गहलोत, खंड स्तर से खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार जैन, बीपीओ अल्ताफ अली एवं एसटीएलएस राजेश कुमार गहलोत उपस्थित रहे। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दासोडी से निरीक्षण के लिए दीपक कुमार (नसिर्ग अधिकारी) एवं एलटी मुकेश मुण्ड भी शामिल हुए।

स्थानीय स्तर पर आयुष स्वास्थ्य केंद्र हनुमान नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी महेश कुमार शर्मा एवं एएनएम श्रीमती राजेश ने व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

इससे पहले 25 जुलाई को भी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया था, जिसमें दवाइयों की उपलब्धता, मरीजों के रजिस्टर, टेली-कंसल्टेंसी और आयुष पद्धति से उपचार की समीक्षा की गई थी। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी महेश शर्मा और खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील जैन ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों (NQAS) पर विशेष चर्चा की थी।

प्राचार्य चिकित्सक डॉ. सुनील जैन ने बताया कि इस प्रकार के नियमित निरीक्षण और असेसमेंट से ग्रामीण क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित की जा सकेंगी। निकट भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की टीम द्वारा प्रत्यक्ष विजिट कर सत्यापन किया जाएगा।

ग्रामवासियों ने भी स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि अब आयुष पद्धति से उपचार और टेली-कंसल्टेंसी सेवाएं गांव-गांव तक पहुंच रही।