डॉक्टरों ने सड़क किनारे ऑपरेशन कर घायल की जान बचायी, पढ़ें न्यूज़

कोच्चि। केरल में तीन डॉक्टरों ने एर्नाकुलम जिले में दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक पीड़ित की सड़क किनारे आपात स्थिति में ऑपरेशन कर उसकी जान बचायी ।

यह घटना रविवार रात उदयमपेरूर के पास हुयी जहां दो दुपहिया वाहनों की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों में से एक की पहचान कोल्लम जिले के लिनू वी बी के रूप में हुई, उसके चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं और खून के सांस की नली में रुकावट पैदा करने से उसे सांस लेने में तेज दिक्कत होने लगी।

वहां से गुजर रहे कोट्टायम के सरकारी मेडिकल कॉलेज में कार्डियोथोरेसिक सर्जरी के सहायक प्रोफेसर डॉ. बी मनूप यह हादसा देखकर रुक गए। उनके साथ एर्नाकुलम के एक निजी अस्पताल के डॉ. थॉमस पीटर और डॉ. दीदिया थे। उन्होंने डॉ थॉमस के साथ मिलकर सांस की नली बनाने के लिए मौके पर ही इमरजेंसी क्रिकोथायरोटॉमी करने का फैसला किया और वहां मौजूद संसाधनों का इस्तेमाल करके, स्थानीय लोगों और पुलिस वालों की मदद से यातायात नियंत्रण करने और रोशनी का इंतज़ाम करके सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया।

इसके बाद घायल आदमी को एम्बुलेंस से पास के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। अस्पताल के अधिकारियों ने कहा कि घायल की हालत गंभीर लेकिन स्थिर है। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने अनूठी सर्जरी की बहुत तारीफ़ की है और इसे डॉक्टरों का एक अनोखा उदाहरण बताया है।