श्रीकोलायत। क्षेत्र के कई गांवों में सुअरों के बढ़ते आतंक से किसान भारी नुकसान झेल रहे हैं। कोलासर, मेघासर, अक्कासर, भोलासर और शीसा जैसे गांवों में किसानों की फसलें इन जंगली सुअरों के हमलों से नष्ट हो रही हैं।किसान ओमप्रकाश तरड़ और अशुराम गोदारा ने बताया कि खेतों में रात के समय सैकड़ों की संख्या में सुअरों के झुंड आ जाते हैं और मूंगफली, चारा तथा अन्य फसलों को पूरी तरह उजाड़ देते हैं। शीसा गांव के एक किसान ने बताया कि उनके खेत में पड़ी मूंगफली को सुअरों ने एक ही रात में नष्ट कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में ट्यूबवेलों की अधिकता और फसलों की लगातार उपलब्धता के कारण रोजड़ों और सुअरों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। किसान अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों के चारों ओर तारबंदी कर चुके हैं, लेकिन सुअर और रोजड़े उसे तोड़कर अंदर घुस जाते हैं। किसानों ने बताया कि अब तो ये सुअर दिन के उजाले में भी झुंड बनाकर खेतों में घूमते नजर आने लगे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से इन सुअरों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है ताकि उनकी मेहनत से उपजी फसलें सुरक्षित रह सकें।
