चलती पिकअप में आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, पढ़ें खबर

 कोलायत। बीकानेर जिले के कोलायत उपखण्ड क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगापुरा गांव के पास मूंगफली के चारे से भरी एक पिकअप अचानक आग की लपटों में घिर गई। जानकारी के अनुसार गाड़ी सड़क पर सामान्य गति से चल रही थी, तभी अचानक पीछे से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते चारा सुलगकर भड़क उठा।आग को फैलता देख ड्राइवर ने घबराकर तुरंत गाड़ी रोकने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज होने के कारण उसने चलती पिकअप से कूदकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों के अनुसार अगर वह कुछ और देर वाहन में रहता तो बड़ा हादसा तय था।

 

 

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने बिना देर किए ट्रैक्टर से पानी का टैंकर लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक चारे का बड़ा हिस्सा जल गया और पिकअप वाहन भी काफी क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की उपलब्धता न होने के कारण हर बार ऐसी घटनाओं में ग्रामीणों को ही अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझानी पड़ती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गजनेर थाना क्षेत्र और आसपास के गांवों में फायर ब्रिगेड की सुविधा तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को समय रहते रोका जा सके।

 

ग्रामीणों ने बताया कि अगर आग पर कुछ देर भी नियंत्रण नहीं होता तो पास के खेतों और अन्य वाहनों तक आग फैल सकती थी। हादसे की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है। प्रशासनिक स्तर पर नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।