श्रीकोलायत। स्थानीय जय महावीर पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्री कोलायत के प्रतिभाशाली छात्र राहुल सेन ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राहुल का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 14 वर्ष आयु वर्ग की राष्ट्रीय स्तरीय एथलेटिक्स (ऊँची कूद) प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 1 दिसंबर से 4 दिसंबर 2025 तक इंदौर, मध्य प्रदेश में आयोजित की जाएगी।
28 नवंबर को राजस्थान टीम के साथ होंगे रवाना
विद्यालय के प्रधानाचार्य खिंयाराम सैण एवं कोच रामावतार सेन ने संयुक्त रूप से बताया कि राहुल 28 नवंबर को राजस्थान टीम के साथ इंदौर के लिए रवाना होगा। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि राहुल ने मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।
कोचिंग और तैयारी में रहा विशेष योगदान
कोच रामावतार सेन ने बताया कि राहुल पिछले एक वर्ष से ऊँची कूद में विशेष प्रशिक्षण ले रहा है। अभ्यास के दौरान उसकी तकनीक, लचीलापन और प्रयासों ने उसे जिला व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने में मदद की, जिसके आधार पर उसे राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना गया।
कोलायत क्षेत्र में खुशी का माहौल
राहुल के नेशनल चयन की खबर मिलते ही विद्यालय स्टाफ, छात्रों, अभिभावकों और कोलायतवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने राहुल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं। प्रधानाचार्य खिँयाराम सैण ने कहा कि विद्यालय का यह गौरवपूर्ण क्षण है और यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेगी।
राहुल सेन के राष्ट्रीय मंच पर कदम रखने से कोलायत क्षेत्र के खेल प्रतिभाओं को नई ऊर्जा मिली है और सभी को उम्मीद है कि राहुल इस प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम और ऊँचा करेंगे।