पटाखे की चिंगारी से लगी आग, घर का सामान जलकर राख, पढ़ें न्यूज़

बीकानेर। मंगलवार रात नाल क्षेत्र के भूरा का बास में महेंद्र सिंह पुत्र केशर सिंह के घर में पटाखे की चिंगारी से अचानक आग लग गई। आग लगते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक घर में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया, जिससे भारी नुकसान हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई कालूराम पंवार, कांस्टेबल श्रीकृष्ण सहित पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। गांव के लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर आग बुझाने में जुट गए। सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

ग्रामीणों ने बताया कि दीपावली के बाद घर के बाहर कुछ बच्चे पटाखे चला रहे थे, उसी दौरान चिंगारी उड़कर घर के भीतर चली गई, जिससे यह हादसा हुआ।