उम्मेद सिंह खिदांसर की श्रद्धांजलि सभा 16 अक्टूबर को कोलायत में होगी आयोजित

श्रीकोलायत। क्षेत्र के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं पूर्व प्रधान दाता श्री उम्मेद सिंह जी खिदांसर की स्मृति में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन दिनांक 16 अक्टूबर को किया जा रहा है। यह सभा राजपूत विश्राम गृह, कोलायत में दोपहर 12 बजे आयोजित होगी।

सभा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, ग्रामीणजन, शुभचिंतक एवं विभिन्न संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। सभी उपस्थितजन दाता श्री उम्मेद सिंह जी को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करेंगे।

दाता उम्मेद सिंह खिदांसर ने अपने जीवनकाल में जनसेवा को सर्वोपरि रखा। कोलायत क्षेत्र के विकास कार्यों, शिक्षा, सामाजिक उत्थान और ग्रामीण समस्याओं के समाधान में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे न केवल राजनीति में, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में भी एक आदर्श के रूप में जाने जाते थे।

कार्यक्रम में वक्ता उनके द्वारा किए गए कार्यों एवं प्रेरणादायक जीवन पर प्रकाश डालेंगे। श्रद्धांजलि सभा के समुचित प्रबंधों की जानकारी समाजसेवी प्रभात सिंह भाटी ने दी।

प्रभात सिंह भाटी ने बताया कि यह श्रद्धांजलि सभा दाता उम्मेद सिंह के प्रति क्षेत्र की भावनाओं का प्रतीक होगी, जिसमें सभी नागरिकों से समय पर पधार कर श्रद्धासुमन अर्पित करने का आग्रह किया गया है।