टीपीसीसी प्रमुख गौड़ ने पिछड़ा वर्ग आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का किया स्वागत

हैदराबाद। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) के अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने पिछड़ा वर्ग के लिए 42 प्रतिशत आरक्षण को चुनौती देने वाली याचिका को उच्चतम न्यायालय द्वारा खारिज किये जाने का स्वागत करते हुये इसे सामाजिक न्याय की लड़ाई में एक सकारात्मक घटनाक्रम करार दिया है।

श्री गौड़ ने सोमवार को यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पार्टी और राज्य सरकार हर संभव तरीके से पिछड़ा वर्ग के लिए 42 प्रतिशत आरक्षण को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने याद दिलाया कि सरकार ने पहले ही तीन कानून, एक अध्यादेश और एक सरकारी आदेश लाकर इस दिशा में कदम उठाए हैं।

श्री गौड़ ने आगे कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और कांग्रेस प्रभारी मीनाक्षी नटराजन इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार को आठ अक्टूबर को उच्च न्यायालय से अनुकूल फैसला आने की उम्मीद है।

टीपीसीसी अध्यक्ष ने लोगों से समर्थन की अपील करते हुए समाज के सभी वर्गों से पिछड़े वर्ग के लिए 42 प्रतिशत आरक्षण के राजनीतिक कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने में सरकार को सहयोग देने का आग्रह किया।