भाजपा सत्ता हथियाने के लिये हर हथकंडे अपना रही है – डोटासरा

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता हथियाने के लिये हर सम्भव हथकण्डे अपना रही है।

डोटासरा ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, जयपुर में राज्य में ‘वोट चोर-गद्दी छोड़़ अभियान के हस्ताक्षर अभियान की तैयारियों के लिये सम्भाग एवं जिला प्रभारी पदाधिकारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, जिला स्तरीय अभियान प्रभारी और विधानसभा प्रभारियों की आयोजित बैठक में कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग सत्ता में बने रहने के लिये किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गॉंधी ने भाजपा द्वारा वोट चोरी करके सत्ता हथियाने का पर्दाफाश किया है जिस पर अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के भाजपा द्वारा की गई वोट चोरी के विरोध में देशभर में वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान चलाया जा रहा है।

डोटासरा ने इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों को सम्बोधित करते हुये कहा कि भाजपा सरकार की राज्य में उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भाजपा के प्रभारी भाजपा नेताओं की अनुपस्थिति से खिन्न होकर बैठक तक छोडक़र चले गये थे और सरकार विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल द्वारा उठाये गये मुद्दों का जवाब नहीं दे पाई।

उन्होंने कहा कि हद हो गई कि विधानसभा सदन में इस तरह के कैमरे लगाये गये हैं जिसके तहत् विधानसभा की कार्यवाही नहीं चलने के दौरान विपक्ष के नेताओं के न सिर्फ वीडियो बल्कि उनकी आवाज भी रिकॉर्ड करके सुनी जा सकती है। विपक्ष के नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखने के लिये जासूसी की जा रही है। यह निजता का हनन है, इसको लेकर जल्द ही कांग्रेस की महिला विधायक अपने विचार मीडिया के समक्ष रखेंगी।

बैठक में सम्बोधित करते हुये राजस्थान प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने कहा कि सभी नेताओं को संगठन द्वारा दिये गये दायित्वों का निर्वहन पूर्णतया तत्परता के साथ करना होगा क्योंकि संगठन की मजबूती से ही नेताओं को ताकत मिलती है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं एक समय जिलाध्यक्ष रह चुके हैं, अशोक गहलोत जिलाध्यक्ष रह चुके हैं, इसी प्रकार गोविन्द सिंह डोटासरा एवं टीकाराम जूली भी पूर्व में जिलाध्यक्ष रहे हैं। जिलाध्यक्ष रहते हुये वर्तमान में इस मुकाम पर पहुूंचे हैं। इसी से प्रेरित होकर सभी जिलाध्यक्षों को अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिये जिससे आने वाले समय में वे भी इन नेताओं की तरह ऊंचे मुकाम को हासिल कर सके।

बैठक को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी, सहप्रभारी चिरंजी राव, रित्विक मकवाना,  पूनम पासवान ने भी सम्बोधित किया।