कनिष्ठ अभियंता का दलाल रिश्वत लेते गिरफ्तार

अलवर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अलवर में पीनान जीएसएस में कनिष्ठ अभियंता के दलाल को 17 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।


ब्यूरो की महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि ब्यूरो की अलवर चौकी में परिवादी ने शिकायत की कि उसके घर के पास शिवजी का मंदिर है। 10 सितंबर को पिनान कनिष्ठ अभियंता तेज सिंह आया और उसने धमकाया कि मंदिर में बिना मीटर के सीधा कनेक्शन ले रखा है या तो अभी 30 हजार रुपये दो नहीं तो एक लाख रुपये की वीसीआर भर दूंगा। परिवादी ने बताया कि मंदिर के कनेक्शन से उनका कोई सम्बन्ध नहीं है। उसने तो श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये अपने घर से एक लाइट लगा रखी है लेकिन उसने धमकी देकर उससे पांच हजार रुपये तुरंत ले लिये और 25 हजार रुपये और मांग रहा है।

उन्होंने बताया कि इस पर ब्यूरो की अलवर चौकी के प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित दल ने शिकायत के सत्यापन के बाद जाल बिछाकर तेजसिंह के दलाल फूल सिंह को परिवादी से 17 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। तेजसिंह को ब्यूरो की कार्रवाई की भनक लग गई, इस पर वह मौके से फरार हो गया।