श्री कोलायत। हनुमान नगर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ने चिकित्सा सेवाओं में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज कराई है। हाल ही में राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र द्वारा किए गए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) मूल्यांकन में इस केंद्र को 80.90 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। इस आधार पर केंद्र को गुणवत्ता प्रमाणित का दर्जा प्रदान किया गया है।
इस मूल्यांकन की प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की गई, जिसमें सात अनिवार्य सेवा पैकेजों की उपलब्धता, रोगियों को दी जा रही सुविधाएँ, दवा वितरण व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएँ, स्वच्छता प्रबंधन, अभिलेख व्यवस्था और स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यशैली का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील जैन ने बताया कि हनुमान नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन मिलना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। यह सफलता यहाँ कार्यरत चिकित्सकों, नर्सिंगकर्मियों और सहयोगी कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब हमारा लक्ष्य आगामी निरीक्षणों में और बेहतर अंक प्राप्त कर इस केंद्र की सेवाओं को और उत्कृष्ट बनाना है ताकि आमजन को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।
गुणवत्ता प्रमाणन से हनुमान नगर स्वास्थ्य केंद्र पर लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा। क्षेत्र की जनता को अब पहले से अधिक सुरक्षित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ मिल सकेंगी। इस उपलब्धि से ग्रामीण रोगियों की बड़े अस्पतालों पर निर्भरता भी कम होगी और उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर उपचार की सुविधा प्राप्त होगी।
एनक्यूएएस प्रमाणन मिलने के बाद केंद्र को समय-समय पर निरीक्षण से गुजरना होगा, जिसमें सुझाए गए सुधारों पर कार्य कर सेवाओं की गुणवत्ता को बनाए रखना और उसे और बेहतर बनाना आवश्यक होगा। हनुमान नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की यह सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण है और जिला स्वास्थ्य सेवाओं में यह एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।