जयपुर। रेल मंत्री अश्विनी कुमार वैष्णव ने कहा है कि राजस्थान के बड़े शहरों को शीघ्र ही रेलवे फाटक से मुक्त किया जायेगा वहीं जोधपुर से नई दिल्ली एवं बीकानेर से नई दिल्ली के लिए वन्दे भारत नई रेल सेवा को जल्द चालू किया जायेगा।
वैष्णव ने गुरुवार को जयपुर रेलवे स्टेशन पर निर्माणधीन कार्यो का निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य के बड़े शहरों में रेलवे फाटक से लोगों निजात दिलाने के लिए अंडर पास एवं ओवर ब्रिज बनाने के लिए चार-पांच महीनों में पूरी तैयारी करने के लिए कहा गया और आगामी दिनों प्रदेश भर में बड़े शहरों में रेलवे फाटक से जनता को मुक्ति दिला सके।
उन्होंने कहा कि जोधपुर से नई दिल्ली और बीकानेर से नई दिल्ली के लिए नई वन्दे भारत रेल सेवाओं को भी शीघ्र चालू किया जायेगा। इसके साथ ही हैरिटेज सिटी जैसलमेर के लिए नई दिल्ली से एक ओरवरनाईट एक्सप्रेस ट्रेन चालू की जायेगी।
उन्होंने कहा कि जयपुर में रेलवे स्टेशन को विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन बनाने के लिए नव निर्माण का काम सुचारु रुप से चल रहा है और तेजी से चल रहा है। यहां इसका दूसरा प्रवेश द्वार बनकर तैयार हो गया है और इसका रुप जो निखर के आया हैं इसे देखकर बड़ी खुशी होती है और यह खुशी का क्षण हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य द्वार का काम भी तेजी से चलाने के लिए कहा गया हैं।
उन्होंने कहा कि जयपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष एवं बहुत तेजी से काम चल रहा है और यह रेलवे स्टेशन बहुत सुंदर रुप में उभर कर सामने आयेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के रेलवे स्टेशन के काम के तहत अब तक 110 रेलवे स्टेशन पर काम पूरे हो चुके हैं।
वैष्णव ने जनता से राय मांगी हैं कि क्या जयपुर के रेलवे स्टेशनों के साथ जयपुर नाम जोड़ा जाना चाहिए, जैसे गांधीनगर रेलवे स्टेशन के साथ जयपुर गांधीनगर रेलवे स्टेशन आदि। अगर जनता चाहेगी तो इस प्रकार का निर्णय लिया जायेगा। उन्होंने खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर रेलवे अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने जयपुर गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर चले रहे निर्माण कार्यो का भी जायजा भी लिया।