काठमांडू। नेपाल में कानून व्यवस्था की खराब हुए हालात का फायदा कैदियों ने उठाया है और मंगलवार को यहां की विभिन्न जेलों में बंद करीब 1432 कैदी फरार हो गए।
कांतिपुर समाचार पत्र ने अपने एक्स हैंडल पर यह जानकारी दी है। इसमें कहा गया है कि महोतारी के जलेश्वर में जेल की दीवार तोड़कर 572 कैदी फरार हो गए हैं।
महोत्तरी के पुलिस अधीक्षक हेरम्बा शर्मा ने बताया कि शाम सात बजे 500 से ज़्यादा प्रदर्शनकारियों और अंदर बंद कैदियों द्वारा एक साथ दीवार तोड़ने के बाद स्थिति बेकाबू हो गई। सोलुखुम्बु जेल में कैदियों ने जेल में आग लगा दी और तोड़फोड़ की, जबकि 86 कैदी फरार हो गए।
पुलिस उपाधीक्षक मनोजीत कुंवर के अनुसार, दोपहर में शुरू हुआ कैदियों का विरोध प्रदर्शन और हिंसक हो गया और शाम को वे जेल में तोड़फोड़ करके भागने में सफल रहे।
तुलसीपुर जेल के 124 कैदी जेल तोड़कर फरार हो गए हैं। जेल प्रमुख बीर बहादुर सेजुवाल ने बताया कि एक ब्लॉक में बंद कुल 179 कैदियों में से 124 जेल तोड़कर फरार हो गए और 55 अभी भी जेल में हैं। कैलाली जेल के सभी 650 कैदियों के भी भाग जाने की रिपोर्टें है।