नोएडा। उत्तर प्रदेश स्थित जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र नोएडा सेक्टर 113 के सर्फाबाद गांव में रहने वाले एक 19 वर्षीय नशे के आदि बेटे ने संपत्ति विवाद के चलते अपने पिता को सोते समय ईंट से कूचकर मार डाला।
बताया जाता है कि आरोपी बेटा अपने पिता के लाश के साथ काफी देर तक बैठा रहा। वहीं यह नजारा जब परिवार के अन्य सदस्यों ने देखा तो उनके होश उड़ गए और परिवार की महिलाओं में चीख पुकार मच गई। आस पड़ोस के लोग चीख पुकार की आवाज सुन मौके पर पहुंचे तो उनके होश पख्ता हो गए। देखते देखते इस घटना की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई।
इस बीच परिवार के सदस्यों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाते ही सेक्टर 113 थाना पुलिस और अन्य पुलिस अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे जहां पुलिस ने हत्यारोपी बेटे को हिरासत में लिया और हत्यारोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए ईंट को कब्जे में लिया इसके साथ ही शव को कब्जे में लिया गया और पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, और फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल की जांच की जा रही है।
पुलिस द्वारा हत्यारोपी 19 वर्षीय युवक से कड़ी से पूछताछ की गई जहां उसके द्वारा बताया गया कि मेरे और पिता के बीच अक्सर संपत्ति को लेकर विवाद होता रहता था और मेरे पिता मुझे खर्चे व शराब पीने के लिए पैसे भी नहीं देते थे तथा मेरे नाम मकान नही कर रहे थे। जिसे लेकर देर शाम को भी हमारा झगडा हुआ था जिसके कारण मैने अपने पिता जी को चारपाई पर लेटे हुए ही कमरे में पड़ी हुई ईंट से मारकर उनकी हत्या कर दी। वहीं पुलिस ने हत्यारोपी युवक को न्यायालय में पेश कर हत्या के अभियोग में जेल भेज चुकी है।