फर्जी क्रिप्टो करंसी में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, पांच आरोपी गिरफ्तार

अलवर। राजस्थान में अलवर में पुलिस ने ऑपरेशन साइबर संग्राम अभियान के तहत पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि वर्चुअल क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले ये आरोपी लोगों को क्रिप्टो करेंसी में भारी मुनाफे का झांसा देकर निवेश करवाते थे।

शुरुआत में निवेशकों को कमीशन का लालच दिखाकर रुपये लगवाये जाते थे और जब बड़ी रकम जमा हो जाती थी, तो वीएनएस कॉइन और अन्य वर्चुअल करेंसी की आईडी को अचानक बंद कर देते थे। इसके बाद आरोपी नयी वर्चुअल करेंसी आईडी बनाकर फिर से प्रचार-प्रसार शुरू कर देते थे।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राहुल जांगिड, मनीष जाओरिया, महेन्द्र, प्रकाशचंद और राहुल जाटव हैं। पुलिस ने इनसे मोबाइल फोन और कई दस्तावेज बरामद किये हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।