ATM से ठगी की राशि निकालते युवक गिरफ्तार

अलवर। राजस्थान में अलवर के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर ठगी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी सुरेंद्र सिंह (23) सरकारी अस्पताल के पास स्थित एसबीआई एटीएम से साइबर ठगी की राशि निकाल रहा था। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। उसके कब्जे से 70 हजार रुपये नकद, तीन फर्जी एटीएम कार्ड, एक मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि आरोपी ठगों से मिली राशि को एटीएम के जरिए निकालकर कमीशन पर काम करता था।