चिकित्सा मंत्री खींवसर की मां का निधन, लंबे समय से चल रही थी बीमार

जयपुर। राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर की माताजी स्नेहलता सिंह का शुक्रवार को जयपुर के दुर्लभजी अस्पताल में निधन हो गया। 93 वर्षीय स्नेहलता सिंह लंबे समय से बीमार चल रही थीं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा था। सूचना मिलते ही मंत्री खींवसर तुरंत अस्पताल पहुंचे। उनके निधन की खबर फैलते ही खींवसर और जयपुर सहित पूरे राजस्थान में शोक की लहर दौड़ गई।

मंत्री खींवसर की माताजी स्नेहलता सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने शोक संदेश में कहा कि प्रदेश सरकार में मेरे सहयोगी, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर जी की पूज्य माताजी स्नेहलता कुमारी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने परमधाम में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुख सहने करने की शक्ति प्रदान करे।