शार्दुल ठाकुर करेंगे पश्चिम क्षेत्र की कप्तानी

मुम्बई ।  पश्चिम क्षेत्र चयन समिति ने शुक्रवार को आगामी दलीप ट्रॉफी मैचों के लिए शार्दुल ठाकुर को 15 सदस्यीय टीम का कप्तान नियुक्त किया है।

बीकेसी स्थित एमसीए की शरद पवार इंडोर क्रिकेट अकादमी में आज हुई चयन बैठक के बाद शार्दुल ठाकुर को कप्तान बनाये जाने की घोषणा की गई। टीम में मुंबई के सात खिलाड़ी, गुजरात के चार, महाराष्ट्र और सौराष्ट्र के दो-दो खिलाड़ी काे जगह दी गई हैं।

टीम में ठाकुर के अलावा मुंबई के बड़े नामों में यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर और सरफराज खान शामिल हैं। महाराष्ट्र के रुतुराज गायकवाड़ भी टीम का हिस्सा हैं। अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा को टीम में जगह नहीं मिली है।

मुंबई क्रिकेट संघ के संजय पाटिल की अध्यक्षता वाली समिति ने सात अतिरिक्त खिलाड़ियों की एक विस्तृत सूची भी जारी की है: महेश पिठिया, शिवालिक शर्मा, मुकेश चौधरी, सिद्धार्थ देसाई, चिंतन गजा, मुशीर खान और उर्विल पटेल।

टूर्नामेंट 28 अगस्त को दो क्वार्टर फाइनल के साथ शुरू होगा। सेमीफाइनल में सीधे प्रवेश पाने वाली पश्चिम क्षेत्र की टीम चार सितंबर से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। फाइनल 11 सितंबर से खेला जाएगा। सभी मैच बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मैदान पर होंगे।

पश्चिम क्षेत्र की टीम इस प्रकार है:- शार्दुल ठाकुर (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, आर्य देसाई, हरविक देसाई, श्रेयस अय्यर, सरफराज खान, रुतुराज गायकवाड़, जयमीत पटेल, मनन हिंगराजिया, सौरभ नवले, शम्स मुलानी, तनुश कोटियन, धर्मेंद्र जडेजा, तुषार देशपांडे और अरजान नागवासवाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *