बीकानेर। विप्र फाउंडेशन राजस्थान जोन-1 बी की ओर से बुधवार सायं धरणीधर मंदिर (रंगमंच) पर एक विशेष सभा का आयोजन किया गया। यह आयोजन विश्वव्यापी आतंकवाद के शमन, हिन्दू राष्ट्र निर्माण और विश्व शांति हेतु आगामी 200 कुण्डीय विराट गायत्री महायज्ञ की तैयारियों के संदर्भ में हुआ।
सभा की अध्यक्षता परम पूज्य अनन्तश्री विभूषित स्वामी प्रखर महाराज ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ब्राह्मण बंधु उपस्थित रहे। सभा में यह जानकारी दी गई कि गायत्री शक्तिपीठ, मणिवेदिका पीठ, पुष्कर में 8 मार्च से 19 अप्रैल 2026 तक 43 दिनों में 1400 विद्वान ब्राह्मणों द्वारा 200 कुण्डीय शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ आयोजित किया जाएगा।
स्वामी श्री प्रखर जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि “ब्राह्मण समाज राष्ट्र और विश्व कल्याण का मार्गदर्शक रहा है, और इस यज्ञ का उद्देश्य मानवता में शांति, समरसता और धर्म जागरण लाना है।”
कार्यक्रम में राजेश चूरा (संरक्षक, विप्र फाउंडेशन जोन 1-बी) ने संयोजक के रूप में व्यवस्थाओं का संचालन किया। स्वागतकर्ताओं में रामकिशन आचार्य, भंवर पुरोहित और धनसुख सारस्वत शामिल रहे, जबकि आग्रहकर्ताओं में दीपक हर्ग, नारायण पारीक, सीमा मिश्रा, चंद्रकला आचार्य, सुनील मिश्रा, दिनेश ओझा, किशन जोशी, अमित व्यान, पंकज पीपलवा, विजय पाईवा और प्रकाश उपाध्याय सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा YouTube चैनल @swamishriprakharjimaharaj4209 पर आयोजन का सीधा प्रसारण भी किया गया।